जौनपुर: शाहगंज में ब्लॉक प्रमुख विद्या तिवारी के नेतृत्व में विकास कार्यों का नया आयाम
जौनपुर। शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के सुइथा कलां ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख विद्या तिवारी के नेतृत्व में विकास कार्यों की गति काफी बढ़ गई है। क्षेत्र के निवासी उनके प्रयासों की खुले दिल से सराहना कर रहे हैं। क्षेत्र पंचायत के 92 वार्डों में से लगभग 85 वार्डों में विकास कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुके हैं। इन कार्यों में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। साथ ही, ब्लॉक प्रमुख ने सुनिश्चित किया है कि सभी योजनाएं समानता और पारदर्शिता के साथ लागू हों।
क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रशांत पांडेय और नवीन सिंह ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख ने सभी विकास कार्यों का वितरण जाति, समुदाय या पृष्ठभूमि के आधार पर नहीं, बल्कि जरूरत और प्राथमिकता के अनुसार किया है। वर्तमान सूची के अनुसार 46 विकास कार्यों में से क्षत्रिय समुदाय को 9, ब्राह्मण समाज को 7 और शेष 30 कार्य अन्य समुदायों को वितरित किया गया है। इससे साफ़ जाहिर होता है कि ब्लॉक प्रमुख का मुख्य उद्देश्य सभी वर्गों का समान उत्थान है।
वहीं, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश वर्मा पर कई आरोप लगाए जा रहे हैं, जिनमें उनके कार्यकाल में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच कराए जाने की मांग शामिल है। भाजपा के कई स्थानीय पदाधिकारी मानते हैं कि वर्मा लगातार पार्टी की छवि धूमिल करने और निजी एजेंडे को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ का यह भी कहना है कि वे विपक्षी पार्टी के टिकट पर अगले चुनाव की तैयारी कर सकते हैं।
विद्या तिवारी के चार वर्षों के नेतृत्व में क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और विकास का माहौल मजबूत हुआ है। कई क्षेत्र पंचायत सदस्य मानते हैं कि कन्या पूजन जैसे पवित्र आयोजनों में लगाए गए आरोप केवल साजिश के तहत उत्पन्न हुए हैं। इनका उद्देश्य ब्लॉक प्रमुख के पुत्र एवं उनके प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद तिवारी की लोकप्रियता को कम करना है। ब्लॉक प्रमुख ने स्पष्ट किया कि वे समाजसेविका के रूप में जनसेवा पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं और राजनीति से दूर हैं।
दूसरी ओर, भाजपा के स्थानीय स्तर पर लगभग 80 प्रतिशत कार्यकर्ता और वरिष्ठ पदाधिकारी चाहते हैं कि पार्टी नेतृत्व इस मामले में अनुशासनहीनता करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करे। विद्या तिवारी ने यह सुनिश्चित किया है कि विकास कार्य सभी वर्गों तक समान रूप से पहुँचे और क्षेत्रवासियों को सरकारी योजनाओं और जनसुविधाओं का लाभ मिले। उनके प्रयासों से शाहगंज में न केवल विकास कार्यों की गति बढ़ी है, बल्कि सामाजिक सद्भाव और विश्वास भी मजबूत हुआ है।